उदयपुर की काव्या हरकावत ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में बढ़ाया देश का मान

 उदयपुर की काव्या हरकावत ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में बढ़ाया देश का मान

उदयपुर की उभरती हुई बाल कलाकार काव्या हरकावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी प्रयोगात्मक साइको-थ्रिलर फिल्म ‘टाउन ग्लिच’ को कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में शॉर्टलिस्ट होने के साथ विजेता का सम्मान मिला है।

काव्या के पिता आशीष हरकावत ने बताया कि टाउन ग्लिच फिल्म को लॉस एंजेलिस फैंटेसी फेस्ट, ड्रीम्ज़ कैचर्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, स्टॉकहोम सिटी फिल्म फेस्टिवल, गोवा इंटरनेशनल फिल्म कॉम्पिटिशन और साउथईस्ट एशिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सराहना मिली है।

फिल्म टाउन ग्लिच में काव्या चार मुख्य किरदारों में से एक प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। इसके पहले सीज़न का पायलट एपिसोड शिमला और आसपास के क्षेत्रों में शूट किया गया, जबकि इसकी एडिटिंग इटली में की गई है। फिल्म का अगला सीक्वल स्पेन और एम्स्टर्डम में शूट किया जाएगा।

उदयपुर निवासी काव्या वर्तमान में क्रॉसरोड इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा हैं। उन्होंने अभिनय की शुरुआत एक शौक के रूप में की थी और गुलशन पांडे अभिनीत फिल्म ‘साइकिल’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की, जिसे 13 पुरस्कार प्राप्त हुए।

इसके बाद उन्होंने मनाली में शूट हुए म्यूज़िक एल्बम ‘माहिया’ में काम किया और एमटीवी फेम हिमांश जोशी के साथ ‘पार्वती तेरा शंकर’ म्यूज़िक एल्बम में भी नजर आईं।

काव्या ने फेसल अमृत और मायसा बेकरी के विज्ञापनों में भी काम किया है। इसके अलावा वे ‘मिडल फिंगर’ और ‘एसआरके’ नामक दो शॉर्ट फिल्मों का हिस्सा रही हैं। उनका म्यूज़िक एल्बम ‘शिवाय’ ज़ी टीवी पर रिलीज़ हो चुका है।

काव्या की एक और फिल्म ‘नरमचीना’ जल्द ही रिलीज़ होने वाली है, जिसमें गुलशन पांडे, प्रिया तिवारी, रोमिल शर्मा और शर्मिष्ठा आचार्जी जैसे कलाकार शामिल हैं। साथ ही, उन्हें हॉरर फिल्म ‘टपक’ के लिए भी शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिसकी शूटिंग के लिए वे जनवरी 2026 में इंडोनेशिया जाएंगी।

अभिनय के साथ-साथ काव्या को खेलों में भी गहरी रुचि है और उन्होंने हाल ही में एक आइडियाथॉन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार भी जीता है।

Related post