दीपावली पर्व को लेकर जिला कलक्टर ने की विभिन्न विभागों के साथ बैठक

 दीपावली पर्व को लेकर जिला कलक्टर ने की विभिन्न विभागों के साथ बैठक

शहर में साफ-सफाई, चौराहों पर रोशनी, पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

उदयपुर, 30 सितम्बर। रोशनी के पर्व दीपावली पर शहर में आमजन और पर्यटकों की सुविधाएँ सुचारू रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। जिला कलक्टर नमित मेहता ने महत्वपूर्ण विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने नगर निगम, यूडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 अक्टूबर तक पूर्ण कर लिया जाए। शहर में दोनों निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने अधीन क्षेत्रों में मरम्मत योग्य सड़कों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएँगे।

कलक्टर ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में प्रतिवर्ष की भांति रोशनी, सफाई, रंगरोगन, यातायात आदि की व्यवस्थाएँ सुचारू रखी जाएँ ताकि नागरिक त्यौहारों को उत्साहपूर्वक मना सकें और सीजन में आने वाले पर्यटक यहाँ से अच्छी यादें लेकर जाएँ। अशुद्ध मावा एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कलक्टर ने फूड इंस्पेक्टर को रैंडम सेम्पलिंग करने के आदेश दिए।

बैठक में यूडीए आयुक्त राहुल जैन, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एडीएम सिटी जितेन्द्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला साईंकृष्णा, यातायात पुलिस उपायुक्त अशोक आंजना, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा, निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा आदि उपस्थित थे।

सफाई एवं अतिक्रमण पर विशेष ध्यान

कलक्टर ने निगम के अधिकारियों को अतिक्रमियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में व्यापारी अपने उत्पादों को दुकानों से बाहर सजाएंगे, लेकिन यह ध्यान रखा जाए कि इससे यातायात बाधित न हो। मुख्य मार्गों पर ऐसे अस्थाई अतिक्रमियों को त्वरित हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साथ ही पूरे शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने हेतु आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्यबल लगाने के निर्देश भी दिए। निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने अवगत कराया कि शहर के 12 चयनित स्थानों पर 50 कर्मचारी तैनात रहेंगे जो सफाई व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा रात्रिकालीन सफाईकर्मियों की टीम को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि कचरे को त्वरित हटाने की व्यवस्था करें।

जिला कलक्टर ने आयड़ नदी में पानी के बहाव से आए कचरे को साफ करने और जरूरत पड़ने पर मरम्मत करने का भी निर्देश दिया।

रोशनी व टेंट प्रतियोगिता

प्रतिवर्ष की भांति शहर के विभिन्न चौराहों और पोल पर रंगरोगन और झगमग रोशनी करने के निर्देश बैठक में दिए गए। इसके अलावा विभिन्न पार्कों की मरम्मत और टेंटव्यवसाइयों की रोशनी व पंडाल प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इस वर्ष प्रतियोगिता के विजेताओं की पारितोषिक राशि बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

यातायात व्यवस्था पर फोकस

कलक्टर ने कहा कि त्यौहार के दौरान बाजारों में रौनक और दशहरा-दीपावली मेलार्थियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। यातायात पुलिस उपाधीक्षक अशोक आंजना ने वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग आदि की जानकारी दी।

कलक्टर ने निर्देश दिए कि शहर में बाहर से आने वाली और अन्य शहरों के लिए जाने वाली ट्रावेल्स को रेती स्टैंड और रोडवेज स्टैंड के पीछे से रवाना किया जाए, ताकि शहरी यातायात पर दबाव कम हो।

पर्यटकों की सुविधाओं पर ध्यान

दीपावली से लाभ पंचमी तक झीलों की नगरी गुजराती पर्यटकों से गुलजार रहती है। ऐसे में उनकी सुविधाओं को विशेष रूप से सजग रहने की आवश्यकता जताते हुए जिला कलक्टर ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों के साथ किसी भी दुर्व्यवहार या असुविधा की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित एजेंसी को सूचित किया जाए।


Related post