अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग कोच विनोद साहू बने भारतीय टीम के कोच, हांगकांग में चमकेगा उदयपुर का नाम

 अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग कोच विनोद साहू बने भारतीय टीम के कोच, हांगकांग में चमकेगा उदयपुर का नाम

उदयपुर, 1 अक्टूबर। हांगकांग के क्वीन एलिजाबेथ स्टेडियम में 8 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशियन सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर एवं मास्टर बेंच प्रेस पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर के अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग कोच विनोद साहू को भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है।

राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि विनोद साहू 6 अक्टूबर को उदयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 7 अक्टूबर को 25 सदस्यीय भारतीय पुरुष एवं महिला टीम के साथ कैथे पैसिफिक एयरलाइंस से हांगकांग जाएंगे। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता के दौरान वे अंतर्राष्ट्रीय रेफरी एवं जूरी की भूमिका भी निभाएंगे।

वर्तमान में विनोद साहू पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी समिति के संयोजक हैं। वे पूर्व में भी भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं और पोलैंड (विश्व जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप), दुबई (एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप) तथा उदयपुर, केरल और देहरादून में हुई विभिन्न एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में टीम कोच एवं मैनेजर रह चुके हैं।

उनके पुत्र गौरव साहू भी अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी हैं और कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा चुके हैं।

विनोद साहू को भारतीय टीम का कोच नियुक्त होने पर संघ अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी चंद्रेश सोनी, माला सुखवाल, राजकुमारी यादव, भूपेंद्र व्यास, दिव्यांश सोनी, पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, जिला तीरंदाजी संघ अध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया, जिला बॉडी बिल्डिंग संघ अध्यक्ष भूषण श्रीमाली, उदयपुर जिला ओलंपिक संघ सचिव जालम चंद जैन, उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स उपाध्यक्ष सुखलाल साहू सहित कई खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने शुभकामनाएँ दीं।


Related post