उदयपुर में जनजातीय गौरव दिवस: उत्सव, संस्कृति और सेवा का संगम


धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती शनिवार को जिले भर में जनजाति गौरव दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। डूंगरपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह तथा गुजरात के नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुए राष्ट्रीय स्तर के समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसी के साथ पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा भी शनिवार को समारोहपूर्वक संपन्न हुआ।


ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक हुए आयोजन
जनजाति गौरव दिवस पर जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों एवं जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय समारोह जिला परिषद सभागार में वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी और निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, सीईओ रिया डाबी, एसीईओ वीरमा राम तथा उपायुक्त टीएडी निरमा विश्नोई ने अतिथियों का स्वागत किया और पखवाड़े के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुण्डा के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके संघर्ष और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। उधर, ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुए।
प्रदर्शनी से जानी विरासत और विकास की यात्रा
जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सूचना केंद्र में आयोजित जिला विकास और जनजातीय गौरव प्रदर्शनी में शनिवार को भारी संख्या में शहरवासी और विद्यार्थी पहुंचे। प्रदर्शनी में लोगों ने राज्य सरकार की जनजाति विकास यात्रा को करीब से देखा और जनजातीय नायकों के ऐतिहासिक योगदान से अवगत हुए।
आदि हाट में भी रही चहल-पहल
गांधी ग्राउंड में टीएडी तथा सहकारिता विभाग की साझेदारी में चल रहे आदि हाट में शनिवार को खूब भीड़ रही। हाट में लगे वन धन केंद्रों और सहकारी समितियों के उत्पादों की खरीदारी लोगों ने उत्साह से की। मिलेट्स ढाबा भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां आगंतुकों ने मोटे अनाजों से बने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
सीएचसी भुवाणा में जिला स्तरीय चिकित्सा शिविर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुवाणा में जिला स्तरीय चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि शिविर में पूरे दिन मरीजों की भीड़ रही। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच कर जरूरी परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। दिनभर चले शिविर में 500 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई।









