उदयपुर की युवा कलाकार नैना सोमानी ने जीता राष्ट्रीय स्तर का द्वितीय पुरस्कार


शहर की युवा कलाकार नैना सोमानी को उनके छापाचित्र “फिश लाइट डिनर” के लिए “34वीं रवि जैन मेमोरियल फाउंडेशन अवॉर्ड्स, न्यू दिल्ली” की ओर से द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। धूमिमल गैलरी में आयोजित इस प्रदर्शनी में वुडकट तकनीक से बनाए गए उनके दो छापाचित्र — “फिश लाइट डिनर” एवं “लक्ज़री नेवर डाइज़, एपैरेंटली” — प्रदर्शित किए गए। क्रमशः 39×32 इंच और 45×29 इंच आकार के ये चित्र 10–11 रंगों की लेयर में तैयार किए गए हैं। यह प्रदर्शनी 29 सितंबर से 14 अक्टूबर 2025 तक प्रदर्शित रही।


नैना ने इन छापाचित्रों के माध्यम से प्रिंटमेकिंग के प्रति अपने गहरे प्रेम और मानव अस्तित्व पर आधारित विचारों को सजीव रूप में अभिव्यक्त किया है। इस प्रतियोगिता के लिए देशभर से 500 से अधिक कृतियाँ प्राप्त हुई थीं। इनमें से चयनित 5 युवा कलाकारों में राजस्थान से एकमात्र उदयपुर की नैना सोमानी को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।


इस अवॉर्ड के अंतर्गत नैना को सम्मानस्वरूप नकद राशि, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनकी कृतियाँ पूर्व में भी ललित कला अकादमी, AIFACS, अमृतसर सहित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित और चयनित हो चुकी हैं।









