अस्मिता कायाकिंग एवं कैनोइंग लीग प्रतियोगिता का आगाज फतहसागर झील पर


उदयपुर, 17 अक्टूबर 2025। फतहसागर स्थित रिजनल कायाकिंग एवं कैनोइंग प्रशिक्षण केंद्र पर आज से अस्मिता कायाकिंग एवं कैनोइंग लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ द्वारा भारत सरकार के खेल मंत्रालय और भारतीय कायाकिंग कैनोइंग संघ के खेलो इंडिया अस्मिता लीग के तहत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राजस्थान की नारी शक्ति को खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने और उन्हें सशक्त मंच प्रदान करना है।
भारतीय ड्रैगन बोट चेयरमैन दिलीप सिंह चौहान और राजस्थान कायाकिंग कैनोइंग के सचिव महेश पिम्पलकर ने बताया कि आज सब-जूनियर बालिका वर्ग की कयाक-1, कयाक-2 एवं कयाक-4 श्रेणियों में 200, 500 और 1000 मीटर की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें शगुन, कनिष्का कुमावत, मनस्वी सुखवाल, कनिष्का भावसार, शिव नंदिनी, तेजस्वनी, निवेदिता शक्तावत, प्रनवी, काव्या सैनी और अरवानी सहित कई बालिकाओं ने भाग लिया।
राजस्थान की बालिकाओं और नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने हेतु प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उदयपुर संभागीय आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा केवलरमानी (IAS), उपखण्ड अधिकारी बड़गांव श्रीमती लक्षिता पालीवाल, डीएसपी श्रीमती चेतना भाटी और सलूम्बर विधायक श्रीमती शांता मीणा उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
कायाकिंग प्रशिक्षक निश्चय सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना पूरा दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी आगे जोनल और उसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
संघ के सदस्य पीयूष कच्छवहा ने बताया कि आज के सभी इवेंट समय पर आरंभ हुए और प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर की ओर से रेस्क्यू उपकरण एवं रेस्क्यू बोट उपलब्ध कराई गई।
प्रतियोगिता के दौरान फतहसागर की पाल पर मौजूद दर्शक प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध हो गए। दर्शकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और जमकर हौसला-अफजाई की।
कार्यक्रम की सफलता में संघ के चेयरमैन चंद्रगुप्त सिंह चौहान, उपाध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान, भगवान स्वरूप वैष्णव, पीयूष कच्छवहा, तुषार मेहता, अजय अग्रवाल, दीपक गुप्ता, रणवीर सिंह चौहान और राजेश गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संघ के उपाध्यक्ष भगवान स्वरूप ने बताया कि शनिवार, 18 अक्टूबर 2025 को जूनियर बालिका वर्ग और महिला वर्ग के लिए विभिन्न इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में विजेता, उपविजेता और सभी प्रतिभागियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
मंच संचालन रणवीर सिंह चौहान ने किया।









