उदयपुर में पशु संरक्षण पर बैठक — कानून तोड़ने वालों पर सख्त निर्देश

 उदयपुर में पशु संरक्षण पर बैठक — कानून तोड़ने वालों पर सख्त निर्देश

उदयपुर, 27 अक्टूबर। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत गठित पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर के निर्देशन में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक के दौरान एडीएम ओझा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशु क्रूरता निवारण से जुड़े कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संतुलन और पशु-पक्षियों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

बैठक में जिले की गौशालाओं की वर्तमान स्थिति, निराश्रित पशुओं के पुनर्वास, तथा स्ट्रीट डॉग्स के वैक्सीनेशन और नियंत्रण से संबंधित चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। एडीएम ओझा ने इन विषयों पर स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए।

इस अवसर पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेश जैन, बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के डॉ. महेंद्र मेहता, पीपुल्स फॉर एनिमल सोसायटी के सत्यजीत राय, सहित नगर निगम, शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related post