राजस्थान में आबकारी विभाग की रेड — अवैध भट्टियाँ ध्वस्त, मदिरा सीज


उदयपुर, 27 अक्टूबर। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेशभर में विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर सख्त रोक लगाना है। इसके तहत नाकाबंदी, गश्त और रेड जैसी कार्रवाइयों को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा रहा है। विभिन्न जिलों में की गई कार्यवाहियों के आधार पर कई अभियोग दर्ज किए गए हैं।
आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जारी इस विशेष अभियान के दौरान “जीरो टोलरेंस” की नीति अपनाई गई है। अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध परिवहन और विक्रय पर रोकथाम के लिए आबकारी निरोधक टीमें पूरी मुस्तैदी से सक्रिय हैं।


अभियान के तहत श्रीगंगानगर जिले के हिन्दुमलकोट क्षेत्र में गंगनहर के आसपास के गांवों में दबिश और गश्त की कार्रवाई की गई, जिसमें 5500 लीटर उत्तेजित लाहण नष्ट किया गया और 6 कच्ची भट्टियों को तोड़ा गया।
हनुमानगढ़ जिले में सिरसा बायपास रोड, भादरा क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी ली गई, जबकि नोहर क्षेत्र में 3 प्रकरण दर्ज किए गए। पाली जिले में आबकारी निरोधक दल ने कार्रवाई करते हुए 6 प्रकरण दर्ज किए और अवैध मदिरा को सीज किया। जिले के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी और सघन जांच अभियान भी चलाया गया।


आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में यह विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी रहेगा। समस्त आबकारी निरोधक दलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे “जीरो टोलरेंस” की नीति के तहत अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।









