फतहसागर सौर वैद्यशाला में विद्यार्थियों का प्रेरणादायक शैक्षणिक अनुभव

 फतहसागर सौर वैद्यशाला में विद्यार्थियों का प्रेरणादायक शैक्षणिक अनुभव

जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को जनजाति विद्यार्थियों ने फतहसागर झील के मध्य स्थित सौर वैद्यशाला का शैक्षिक भ्रमण किया। उपायुक्त टीएडी निरमा विश्नोई के नेतृत्व में मधुबन स्थित जनजाति छात्रावास और फतह स्कूल के विद्यार्थियों ने इस विशेष शैक्षणिक यात्रा में भाग लिया।

संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवल रमानी की पहल पर आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की उन्नत कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। बच्चों को यह अनूठा अवसर मिला कि वे न केवल सौर ऊर्जा संबंधी उपकरणों को नजदीक से देखें, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली को भी समझ सकें।

सौर वैद्यशाला के वरिष्ठ वैज्ञानिक शिबू मैथ्यू एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को वैद्यशाला में स्थापित उन्नत उपकरणों, सौर विकिरण मापन तकनीक सहित विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि किस प्रकार वैद्यशाला में सूर्य के प्रभावों का अध्ययन किया जाता है। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सौर ऊर्जा उपकरणों के प्रत्यक्ष प्रदर्शन को देखते हुए वैज्ञानिक सोच और ऊर्जा संरक्षण के प्रति नई समझ विकसित की।

Related post