शुद्ध के लिए युद्ध अभियान: मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कारवाई

 शुद्ध के लिए युद्ध अभियान: मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कारवाई

– नमूने लेने के साथ साथ पंजीकरण के बढ़ावे हेतु व्यापारियों के साथ संवाद भी जारी

अधिक मुनाफे के लालच में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कारवाई करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर नमूने ले रही है।

जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खराड़ी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक गुप्ता द्वारा इस अभियान के अंतर्गत घी, तेल, मावा, दूध, मिठाईयां, पनीर, मैदा एव अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जॉच हेतु प्रोगशाला में भिजवाए जा रहे है।

मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा केसरियाजी एवम् खेरवाड़ा में 2 खाद्य प्रतिष्ठानों पर नमूने लिए गए जिसमें एक नमूना केसरियाजी स्थित जय मेवाड़ दूध डेयरी से दूध का एवम् दूसरा नमूना खेरवाड़ा में महादेव किराना स्टोर से चायपत्ती का लिया गया। दोनो नमूनों को जांच हेतु लैब में भिजवाया गया है। उक्त नमूनों में से अमानक पाए जाने पर प्रतिष्ठान पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिष्ठानों को साफ सफाई रखने एवम् स्वच्छ व शुद्ध खाद्य पदार्थ ही बेचने हेतु पाबंद किया।

खाद्य पदार्थों के नमूनों के साथ साथ ही अब विभाग द्वारा व्यापारियों से संवाद कर उनको खाद्य लाइसेंस बनाने एवम् प्रतिष्ठानों के पंजीकरण हेतु भी प्रेरित किया जा रहा है। इस हेतु एफएसओ अशोक गुप्ता द्वारा आज परसाद डाक बंगले में व्यापारियों के साथ एक बैठक भी रखी गई। बैठक में एफएसओ द्वारा व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 की जानकारी देने के साथ साथ प्रतिष्ठानों के पंजीकरण एवम् लाइसेंसिंग की प्रकिया को भी समझाया गया। उन्होंने कहा की नियमो के अनुसार प्रतिष्ठानों का पंजीकरण अनिवार्य है। विभाग द्वारा इस हेतु विशेष शिविरो का आयोजन भी किया जा रहा है।

गौरतलब है की मिलावटखोरों पर कारवाई हेतु संचालित शुद्ध के लिए युद्ध की अभियान राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में शामिल है जिसमे चिकित्सा एवम स्वास्थ्य विभाग द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ कारवाई हेतु विभिन्न जगहों से नमूने ले जांचे जा रहे है। इस सम्पूर्ण अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग श्रीमान जिला कलेक्टर महोदय द्वारा की जा रही है।

Related post