शिल्पग्राम उत्सव 21 दिसंबर से, राज्यपाल श्री बागड़े करेंगे उद्घाटन


केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री शेखावत और पंजाब के राज्यपाल श्री कटारिया भी रहेंगे मौजूद
गुजरात के डॉ. निरंजन वल्लभभाई राज्यगुरु और राजस्थान के रामनाथ चौधरी को नवाजा जाएगा कोमल कोठारी पुरस्कार से
पहले दिन दोपहर 3 बजे से प्रवेश निःशुल्क
लेकसिटी उदयपुर में विश्वविख्यात लोककलाओं के महासंगम शिल्पग्राम उत्सव का शुभारंभ रविवार 21 दिसंबर को होगा। उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल एवं पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के अध्यक्ष श्री हरिभाऊ बागड़े नगाड़ा बजाकर करेंगे। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे, जबकि पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया विशिष्ट अतिथि होंगे। पहले दिन दोपहर 3 बजे से प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
इस वर्ष डॉ. कोमल कोठारी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट लोक कला पुरस्कार डॉ. निरंजन राज्यगुरु (गुजरात) और श्री रामनाथ चौधरी (राजस्थान) को प्रदान किया जाएगा, प्रत्येक को 2.51 लाख रुपये व रजत पट्टिका दी जाएगी।
दस दिवसीय उत्सव में 22 राज्यों के लगभग 900 लोक कलाकार, 91 कला दलों के माध्यम से 82 लोक कलाओं की प्रस्तुतियां देंगे। रोजाना थड़ों व मंचों पर विविध लोकनृत्य, गायन और वादन होंगे। 12 विशेष पत्थर शिल्प, मिनिएचर मॉडल, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, पुतले और पारंपरिक सजावट आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
22 से 29 दिसंबर तक ‘हिवड़ा री हुक’ कार्यक्रम, विभिन्न कार्यशालाएं, ‘विजन भारत 2047’ थीम पर नेशनल पेंटिंग सिम्पोजियम, लगभग 400 क्राफ्ट स्टॉल्स, चार फूड जोन, कारीगरी के लाइव डेमो और लोक कला पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी होगा। हर दिन नई प्रस्तुतियों के साथ शिल्पग्राम उत्सव लोक संस्कृति का भव्य उत्सव बनेगा।









