श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी नगर कीर्तन यात्रा के स्वागत हेतु सर्व समाज बैठक सम्पन्न

 श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी नगर कीर्तन यात्रा के स्वागत हेतु सर्व समाज बैठक सम्पन्न

उदयपुर, 11 अक्टूबर 2025 —
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें अद्वितीय शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली आगामी “धर्म हेतु साका जिनि किया” शहीदी नगर कीर्तन यात्रा के स्वागत एवं समन्वय की तैयारियों को लेकर आज ईशर न्यास बारात घर (एम.बी. कॉलेज के सामने, होटल रघु महल के पीछे) में सर्व समाज बैठक का सफल आयोजन किया गया।

बैठक में उदयपुर के विभिन्न समाजों, गुरुद्वारा समितियों, धार्मिक संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस ऐतिहासिक यात्रा के भव्य स्वागत, सजावट एवं लंगर सेवा के लिए सभी समाज तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करेंगे।

सिख समाज, उदयपुर के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि यह यात्रा 17 अक्टूबर की शाम उदयपुर पहुंचेगी तथा 18 अक्टूबर की सुबह आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इस दौरान नगर कीर्तन का स्वागत पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विभिन्न समाजों के स्वयंसेवक मिलकर स्वागत मार्ग की सजावट, संगत के लिए लंगर एवं जल सेवा, साथ ही यातायात व्यवस्था का समुचित दायित्व निभाएंगे।

सभी उपस्थित जनों ने गुरु साहिब जी की महान शहादत से प्रेरणा लेकर मानवता, एकता और सेवा भाव को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

यह समाचार सिख मीडिया सेंटर, उदयपुर द्वारा साझा किया गया।

Related post