उदयपुर में 806 करोड़ रुपए के स्मार्ट सिटी के काम पूर्ण हुए, कलेक्टर ने समीक्षा ली


उदयपुर. जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने रविवार सुबह नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय के बैठक कक्ष में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। स्मार्ट सिटी सीईओ अपर्णा गुप्ता और एसीईओ प्रदीप सिंह सांगावत ने उन्हें अब तक पूर्ण हुए एवं वर्तमान में जारी कार्यों से अवगत कराया।
सीईओ ने कलक्टर को बताया कि शहर में स्मार्ट सिटी के 806 करोड़ रुपए लागत के 106 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 5 कार्य जारी हैं। उन्होंने इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, हेरिटेज संरक्षण, अमृत फेज़-2, स्कूल एवं आंगनवाड़ी पुनर्विकास, पार्किंग एवं जंक्शन सुधार, पब्लिक साइकिल शेयरिंग ऑप्शन, ठोस कचरा प्रबंधन, वेस्ट रिसाइकलिंग संबंधी कार्यों को साझा किया।
इसके अलावा शहर में हुए सिवरेज के कार्य की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अब तक सेक्टर वाइज़ खर्च हुए बजट की जानकारी भी प्रस्तुत की। इसके अलावा ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, अर्बन ट्रांसपोर्टेशन आदि को लेकर भी तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रिहेबीलिटेशन कार्य, एमबी हॉस्पिटल में एसटीपी निर्माण, कलेक्ट्रेट बिल्डिंग रिनोवेशन, लेबलिंग आदि कार्यों की प्रगति भी बताई।
सीईओ ने फोर्ट वॉल पर हुए हेरिटेज संरक्षण कार्य भी साझा किए। सीईओ गुप्ता ने बताया कि हेरिटेज संरक्षण कार्य के लिए उदयपुर स्मार्ट सिटी को हुडको डिजाइन अवार्ड 2021-22 मिल चुका है। इसके अलावा उदयपुर स्मार्ट सिटी अभी देशभर में सातवें स्थान पर है जिसे पहले स्थान पर लाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
बैठक के अंत में कलक्टर ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जारी सभी कार्य समय पर पूरे हों जिससे आमजन को राहत मिल सके। बैठक के पश्चात कलक्टर ने स्मार्ट सिटी कार्यालय का निरीक्षण पर विभिन्न प्रभागों में जाकर काम-काज भी देखा।