क्लासिक एवं इकयुप्ड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का शानदार प्रदर्शन


फरीदाबाद (हरियाणा) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर क्लासिक व इक्विप्ड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम ने 9 स्वर्ण, 19 रजत और 14 कांस्य पदक सहित कुल 42 पदक अपने नाम किए। सब जूनियर बालिका वर्ग में आकांक्षा कुमावत और सीनियर महिला वर्ग में पूनम को बेस्ट लिफ्टर घोषित किया गया। राजस्थान टीम ने नेशनल चैंपियनशिप में जूनियर महिला और सब जूनियर महिला वर्ग में उपविजेता का खिताब भी जीता।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि सीनियर वर्ग में पूनम ने 69 किलो भार वर्ग में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। 63 किलो में माया कंवर और 57 किलो में पिस्ता बाई गुर्जर ने स्वर्ण पदक हासिल किए। सब जूनियर बालक वर्ग में 120 किलो भार वर्ग में सांकेत चतुर्वेदी ने स्वर्ण पदक जीता।
सब जूनियर बालिका वर्ग में बेस्ट लिफ्टर बनी आकांक्षा कुमावत ने 57 किलो भार वर्ग में क्लासिक और इक्विप्ड दोनों वर्गों में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। 76 किलो इक्विप्ड वर्ग में रिया कंवर शेखावत ने स्वर्ण पदक जीता। मास्टर वन वर्ग में 93 किलो इक्विप्ड में सत्येन्द्र सिंह राठौर और 69 किलो महिला वर्ग में अनीता राठी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
रजत पदक विजेताओं में सीनियर पुरुष वर्ग में 66 किलो में योगेश कुमार सैन, जूनियर पुरुष वर्ग में 74 किलो में गौरव जयपाल और 105 किलो में निखिल जाजोतर शामिल रहे। जूनियर महिला वर्ग में 52 किलो में भूमिका सारस्वत और 76 किलो में वर्षिता परिहार ने रजत पदक जीता। इसके अलावा 84 किलो महिला वर्ग में जूही छंगाणी ने भी रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक विजेताओं में जूनियर 74 किलो में पवन सोनी, 120 किलो से अधिक भार वर्ग में क्रिशन व्यास, 57 किलो में गीतिका विश्नोई, 63 किलो में ग्रेसी प्रजापत और 76 किलो में पूजा जावा शामिल रहीं। 84 किलो से अधिक भार वर्ग में चांदनी प्रजापत ने कांस्य पदक जीता। सीनियर पुरुष वर्ग में 59 किलो में अर्जुन सोलंकी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
सब जूनियर बालक वर्ग में 53 किलो भार वर्ग में एक खिलाड़ी ने इक्विप्ड और क्लासिक में एक रजत व एक कांस्य पदक जीता। रोहित सिंह रावत ने 53 किलो में कांस्य, विजय कुमार ने 74 किलो में एक रजत व एक कांस्य, मयंक जंगम ने 105 किलो में रजत और सुनील सुखवाल ने 93 किलो में रजत पदक जीता।
सब जूनियर बालिका वर्ग में 47 किलो में शिवानी सिंह रावत ने कांस्य, 57 किलो में जिनल गुजराती ने रजत, 76 किलो में निहारिका ने क्लासिक व इक्विप्ड दोनों में रजत तथा 84 किलो में अवनी पुरोहित ने कांस्य पदक जीता।
मास्टर वर्ग में उदयपुर के राहिल अहमद शेख ने 74 किलो मास्टर वन में कांस्य, ओम सिंह चौहान ने 83 किलो मास्टर फोर में क्लासिक व इक्विप्ड दोनों में रजत, और हरी गोपाल थानवी ने 93 किलो मास्टर फोर में दो रजत पदक जीते। 83 किलो मास्टर वन में सुनील गुजराती ने कांस्य, 105 किलो मास्टर टू में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक कुमार शर्मा ने रजत और 120 किलो मास्टर टू में राजेश यादव ने रजत पदक जीता।
इस शानदार प्रदर्शन में राजस्थान टीम के मैनेजर विनोद साहू तथा प्रशिक्षक आशीष जैमन और सुमित कुमार की अहम भूमिका रही। टीम की सफलता पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, उदयपुर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विनोद साहू और पूर्व खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी राज्य प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सम्मानित करने की घोषणा की।









