पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी का ‘सुपर स्टूडेंट अवार्ड सीजन-6 आयोजित

 पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी का ‘सुपर स्टूडेंट अवार्ड सीजन-6 आयोजित

300 स्टूडेंट्स और 70 मेंटर्स का हुआ सम्मान

उदयपुर,14 जून। पेसिफिक विश्वविद्यालय और रेडियो सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सुपर स्टूडेंट अवॉर्ड सीजन-6’ ने शहर के शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। इस भव्य और गरिमामयी समारोह में शिक्षा, खेल, कला और साहित्य सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 300 होनहार विद्यार्थियों एवं उनके 70 मेंटरों को उनके विशेष योगदान के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की छिपी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. अलका शर्मा (डायरेक्टर, सीपीएस स्कूल एवं रॉकवुड इंटरनेशनल स्कूल), प्रो. बी.पी. शर्मा ग्रुप प्रेसीडेंट प्लानिंग एंड कंट्रोल पैसिफिक ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटी,डॉ. हेमंत कोठारी प्रेसिडेंट पैसिफिक यूनिवर्सिटी, डॉ. दिलींद्र हिरन फैकल्टी चेयरमैन साइंस एंड टेक्नोलॉजी पैसिफिक यूनिवर्सिटी, डॉ. टी. पी. आमेटा फैकल्टी चेयरमैन सोशल साइंस एंड ह्यूमैनिटीज, जैकब जॉन नोडल ऑफिसर, डॉ. खुशबू अग्रवाल कोआर्डिनेटर सुपर स्टूडेंट अवार्ड और रेडियो सिटी की यामिनी शर्मा ने विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन करके किया गया।

कार्यक्रम के बीच-बीच में हुई इन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. बी.पी. शर्मा ने कहा कि, “विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनके भीतर छिपी असीम प्रतिभा को सही समय पर पहचानना और उसे एक सही दिशा में तराशना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब हम युवाओं और उनके मार्गदर्शकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करते हैं, तो इससे न केवल उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ता है, बल्कि समाज के अन्य युवाओं को भी एक नई राह पर आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।

डॉ शर्मा ने कहा कि एक अच्छे मेंटर के बिना कोई भी विद्यार्थी अपनी शत-प्रतिशत क्षमता को हासिल नहीं कर सकता।

इस दौरान संस्थान के प्रेसिडेंट डॉ. हेमंत कोठारी ने कहा कि पैसिफिक विश्वविद्यालय हमेशा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध रहा है। एक सफल विद्यार्थी के पीछे उसके मेंटर की दिन-रात की कड़ी मेहनत और त्याग छिपा होता है।

संस्थान का हमेशा यही प्रयास रहता है कि छात्रों को न सिर्फ किताबी ज्ञान मिले, बल्कि उन्हें एक ऐसा सकारात्मक माहौल और मंच मिले जहां वे अपनी रचनात्मकता और काबिलियत को साबित कर सकें।

समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. श्रद्धा गट्टानी (एमडी, ओरिएंटल पैलेस एवं सौम्य एनर्जी एंड राइस कैपिटल), डॉ. दीपक दीक्षित (डायरेक्टर), लक्ष्मणदास वैष्णव (डिप्टी डीईओ, फिजिकल एजुकेशन सेकेंडरी) और मोहनलाल मेघवाल (एडिशनल डीईओ, सेकेंडरी एजुकेशन) उपस्थित रहे।

इन सभी अतिथियों ने विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में भी कला और शिक्षा के इस अनूठे संगम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं। कार्यक्रम के अंत में रेडियो सिटी और पेसिफिक विश्वविद्यालय के प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश कांजा IT हेड पैसिफिक, डॉ. अनुराग मेहता प्रिंसिपल कॉमर्स कॉलेज, डॉ. विनोद कुमार भदौरिया डायरेक्टर पैसिफिक होटल मैनेजमैंट, डॉ. कपिल वर्मा PRO पैसिफिक, आदि उपस्थित हुए।

Related post

Leave a Reply