मेवाड़ गौरव सम्मान 2026 में मेवाड़ के 550 से अधिक विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान


उदयपुर। सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय (SPSU), उदयपुर द्वारा प्रस्तुत तथा सृजन मीडिया के आयोजन एवं समन्वय सहयोग से आयोजित “मेवाड़ गौरव सम्मान 2026” का भव्य आयोजन रविवार को सूखाड़िया रंगमंच, टाउन हॉल, नगर निगम उदयपुर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के चैनल पार्टनर के रूप में उदयपुर न्यूज़ चैनल ने सहयोग प्रदान किया।
मेवाड़ क्षेत्र के प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह को विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। कार्यक्रम के लिए 800 से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण प्राप्त हुए, व अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आनंद गुप्ता, राज्य अध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), उदयपुर शाखा तथा श्री अविषेक मजूमदार, प्राचार्य, द स्टडी स्कूल, CBSE रिसोर्स पर्सन, स्पेशल एजुकेटर एवं स्कूल इनोवेशन एम्बेसडर रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं नवाचार के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. (डॉ.) प्रसून चक्रवर्ती (प्रो-प्रेसिडेंट), प्रो. (डॉ.) नवीन कुमार (डिप्टी डीन, FIAT), श्री मोहित माथुर (सीनियर मैनेजर – एडमिशन एवं ब्रांडिंग), श्री धर्मेंद्र त्रिवेदी (आउटरीच मैनेजर – एडमिशन) तथा श्री दिनेश गुर्जर (सीनियर ऑपरेशन्स मैनेजर), उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।


कार्यक्रम के दौरान मेवाड़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखने को मिला। सृजन मीडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि “मेवाड़ गौरव सम्मान” का उद्देश्य क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, उनकी उपलब्धियों को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना तथा उन्हें भविष्य में नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। समारोह के सफल आयोजन के लिए उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।









