फिट राजस्थान, हिट राजस्थान के संदेश से ओलम्पिक खेलों का हुआ आगाज

 फिट राजस्थान, हिट राजस्थान के संदेश से ओलम्पिक खेलों का हुआ आगाज

उदयपुर. श्रम सलाहकार बोर्ड राजस्थान के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री जगदीशराज श्रीमाली ने कहा कि राजस्थान हर क्षेत्र में आगे बढे़ यह मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का सपना है। इस सपने को साकार करने के लिए सरकार कई योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। इसी कड़ी में खेलों की दुनिया में राजस्थान को अव्वल बनाने और नई प्रतिभाओं को खोज कर आगे बढ़ाने के लिए ही राजीव गांधी ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
श्रीमाली शनिवार को यहां गांधी ग्राउण्ड में राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेल के जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को टीम भावना और अनुशासन के साथ खेलों में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
उद्घाटन समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियों ने इसे भव्य रूप दिया। राजकीय बालिका उमावि रेजीडेंसी की छात्राओं ने राजस्थानी लोक गीत ‘केसरिया बालम आवो नी….’ पर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं पर्यटन विभाग के तत्वावधान में लोक कलाकारों ने कच्छी घोड़ी नृत्य किया।
राजीव गांधी खेल ओलम्पिक में प्रदेश में सर्वाधिक खिलाड़ी उदयपुर जिले से भाग ले रहे हैं। जिले में कुल 3 लाख 86 हजार 932 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें ग्रामीण में 3 लाख 24 हजार 113 तथा शहरी में 62 हजार 819 खिलाड़ी शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 32072 तथा शहरी क्षेत्रों में 6743 टीमें गठित की गई हैं। इसमें सभी खिलाड़ियों को टीशर्ट भी दिया गया.

Related post