फतहसागर की लहरों पर एनसीसी कैडेट्स का जज़्बा — शुरू हुआ 10 दिवसीय सेलिंग एक्सपिडिशन कैम्प


एनसीसी निदेशालय राजस्थान, जयपुर एवं एनसीसी समूह मुख्यालय उदयपुर के तत्वावधान में 1 राज नेवल यूनिट उदयपुर द्वारा फतहसागर झील पर आयोजित सैलिंग एक्सपिडिशन कैम्प का शुभारंभ मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा एवं कमांडिंग ऑफिसर कमांडर शकील अहमद ने संयुक्त रूप से किया।


कमांडर शकील अहमद ने बताया कि यह शिविर 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें एनसीसी निदेशालय राजस्थान की तीनों एनसीसी यूनिट्स के 110 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। कैम्प से पूर्व कैडेट्स ने कई चरणों में कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसके बाद चयन प्रक्रिया पूरी कर उन्हें इस कैम्प के लिए चुना गया। इस कैम्प के दौरान फतहसागर झील में कैडेट्स व्हेलर बोट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 किलोमीटर नौकायन का अभ्यास करेंगे। कुल मिलाकर 10 दिनों में वे लगभग 415 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
उन्होंने बताया कि कैम्प का उद्देश्य नौकायन की परंपरा को जीवित रखना, साहसिक भावना को बढ़ावा देना और कैडेट्स में टीमवर्क एवं नेतृत्व के गुणों का विकास करना है। इस दौरान कैडेट्स को नौकायन के तकनीकी और व्यावहारिक दोनों पहलुओं का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।


एनसीसी निदेशालय राजस्थान, जयपुर द्वारा अजमेर यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर जी.ओ. मैथ्यू को इस सैलिंग एक्सपिडिशन कैम्प के लिए नियुक्त किया गया है। नेवल यूनिट उदयपुर के पीआई स्टाफ चीफ इंस्ट्रक्टर प्रदीप कुमार द्वारा कैडेट्स को नौकायन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।











