विद्या भवन शिक्षक महाविद्यालय में विवेकानंद जयंती पर प्रेरक आयोजन

 विद्या भवन शिक्षक महाविद्यालय में विवेकानंद जयंती पर प्रेरक आयोजन

विद्या भवन गोविंदराम सेकसरिया शिक्षक महाविद्यालय में इग्नू बी.एड. द्वितीय वर्ष की 12 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों और उनके प्रेरणादायी जीवन से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और दर्शन पर आधारित विविध प्रस्तुतियाँ दीं। गीतांजलि पालीवाल ने स्वामी विवेकानंद पर केंद्रित प्रेरक कविता प्रस्तुत की, जबकि दीपेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय गीत के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। रतनाराम जी द्वारा प्रस्तुत सुमधुर गीत ने भी वातावरण को भावविभोर कर दिया। सभी प्रस्तुतियाँ आत्मविश्वास, राष्ट्रनिर्माण और युवाओं की भूमिका को दर्शाने वाली रहीं।

इस अवसर पर इग्नू समन्वयक डॉ. मनीषा शर्मा एवं सह-समन्वयक डॉ. अख्तर बानो उपस्थित रहे। डॉ. मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में कार्यशाला से जुड़े सभी प्रशिक्षु विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Related post