कोहरे से निपटने की तैयारियों के लिए एयरपोर्ट पर सफल ड्राई रन मीटिंग आयोजित


आगामी महीनों में कोहरे की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एयरपोर्ट डायरेक्टर के कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में एक महत्वपूर्ण ड्राई रन मीटिंग का आयोजन किया गया। इस मॉक एक्सरसाइज में सभी संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी की, जिससे सर्दियों में सुगम और सुरक्षित उड़ान संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में मजबूत कदम उठाया गया।
मीटिंग में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के निदेशक सावर मल सिंगरिया, उप महाप्रबंधक (प्रचालन) रविंद्र कुमार तथा AAI के अन्य उच्च अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के अधिकारी तथा एयरपोर्ट पर कार्यरत सभी स्टेकहोल्डर्स ने इस अभ्यास में भाग लिया।
इस ड्राई रन का मुख्य उद्देश्य कोहरे के दौरान कम दृश्यता में उड़ान संचालन, यात्री सुविधा, सुरक्षा प्रोटोकॉल और समन्वय की जांच करना था। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न परिदृश्यों पर चर्चा की और संभावित चुनौतियों के समाधान पर बल दिया। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस अभ्यास को सफल बताते हुए कहा कि इससे कोहरे के मौसम में उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति को न्यूनतम करने में मदद मिलेगी।
सर्दियों में उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट्स पर कोहरा एक बड़ी समस्या बन जाता है, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। इस तरह की तैयारियां यात्री सुरक्षा और संचालन की सुचारूता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी एजेंसियों को सख्त एसओपी का पालन करने के निर्देश दिए हैं।









