संभागीय आयुक्त ने घर-घर पहुंचकर परखी मतदाता पुनरीक्षण की हकीकत


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गुरुवार को सातों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करते नजर आए। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में उतरकर पुनरीक्षण कार्य की मॉनीटरिंग करते दिखाई दिए।


संभागीय आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने पुलां और शोभागपुरा क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर विशेष पुनरीक्षण कार्य के उद्देश्य और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वयं खड़े रहकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया समझाई और संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से नहीं रहना चाहिए।


निरीक्षण के दौरान बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी और बीएलओ भी मौजूद रहे। इसी प्रकार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ ने भी गणना प्रपत्र वितरण कार्य की मॉनीटरिंग की। झाड़ोल ईआरओ कपिल कोठारी ने कंथारिया और कोचला पंचायतों में घर-घर जाकर वितरण कार्य की समीक्षा की। इस अवसर पर बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।









