डर्माडेंट क्लिनिक में आयोजित रक्तदान शिविर रहा सफल, 61 यूनिट रक्त संग्रह कर पूरा किया संकल्प

 डर्माडेंट क्लिनिक में आयोजित रक्तदान शिविर रहा सफल, 61 यूनिट रक्त संग्रह कर पूरा किया संकल्प

उदयपुर, 3 अगस्त।डर्माडेंट क्लिनिक द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) उदयपुर एवं डेंटल प्रैक्टिशनर्स सोसाइटी ऑफ उदयपुर (DPSU) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 61 यूनिट रक्तदान किया, जिससे आयोजकों द्वारा निर्धारित 61 यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।

राजस्थान आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने बताया कि शिविर का शुभारंभ स्वयं डेंटल प्रैक्टिशनर्स सोसाइटी ऑफ उदयपुर (DPSU) की अध्यक्ष डॉ. प्रिया अग्रवाल ने रक्तदान कर किया। उन्होंने सबसे पहले रक्तदान कर उपस्थित सभी लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है तथा एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। उन्होंने समाज से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान भी किया।

शिविर में आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक विभाग की टीम ने रक्त संग्रह की संपूर्ण प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डर्माडेंट क्लिनिक, आईएमए उदयपुर एवं डीपीएसयू के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे आयोजन जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।

अंत में आईएमए उदयपुर के कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक शाह ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आर.एन.टी. ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. वंदना छाबड़ा एवं उनकी पूरी टीम का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट सहयोग, कुशल मार्गदर्शन एवं समर्पित प्रयासों के कारण रक्तदान शिविर का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह शिविर डर्माडेंट क्लिनिक, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) उदयपुर, डेंटल प्रैक्टिशनर्स सोसाइटी ऑफ उदयपुर (DPSU) तथा आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया, जिसने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रेरणादायी संदेश दिया।

Related post

Leave a Reply