यूएफबीयू के आह्वान पर हड़ताल, उदयपुर की बैंकिंग सेवाएं बाधित


उदयपुर के बैंक तिराहे पर आज सरकारी बैंक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार शंखनाद कर दिया है। यनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के कारण शहर की बैंकिंग व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ गई।
सुबह से ही बैंक कर्मचारी बड़ी संख्या में बैंक तिराहे पर एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का मुख्य आक्रोश दो साल पुराने समझौते को अब तक लागू न किए जाने को लेकर है। इसके साथ ही बैंक कर्मी सप्ताह में 5 दिन काम की व्यवस्था लागू करने की पुरजोर मांग कर रहे हैं।
इस हड़ताल का सीधा और व्यापक असर उदयपुर के व्यापारिक जगत पर देखने को मिला। शहर के मुख्य बैंकिंग केंद्र यानी बैंक तिराहे पर कामकाज बंद रहने से करोड़ों रुपये का लेनदेन और चेक क्लियरेंस पूरी तरह प्रभावित हो गया जिस से व्यापारियों को भुगतान करने और आम जनता को बैंक संबंधी जरूरी कार्यों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बैंक कर्मियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनके वाजिब हक और समझौतों को जल्द अमलीजामा नहीं पहनाया गया, तो यह विरोध आने वाले दिनों में और अधिक तीखा होगा।




