अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग में तोड़फोड़ प्रकरण: 12 आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर। हाथीपोल थाना पुलिस ने अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग में तोड़फोड़ के मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मयंक कोठारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके कॉलेज में अमेरिकन इंटरनेशनल हेल्थकेयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. कीर्ति जैन ने 30–40 लोगों की मदद से कब्जे की नीयत से तोड़फोड़ करवाई।
मयंक कोठारी ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. कीर्ति जैन कॉलेज के प्रति द्वेष रखते हैं और इन्हीं कारणों से उन्होंने भवभूति भट्ट व अन्य के साथ षड्यंत्र रचकर यह घटना कराई। घटना से कॉलेज को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में पुलिस ने धारा 324(4)(5), 331(4), 189(2), 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।
पुलिस कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पश्चिम कैलाश चन्द्र के सुपरविजन में, थानाधिकारी हाथीपोल योगेन्द्र कुमार व्यास की टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से कार्रवाई की।
पुलिस ने कॉलेज में तोड़फोड़ करने के आरोप में 12 लोगों को डिटेन कर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश और बिहार के निवासी बताए गए हैं।









