स्वतंत्रता सेनानी श्री भूरेलाल बया रेडक्रॉस भवन सिटी सेंटर के निर्माण हेतु नवीन स्थल की नींव पूजन सम्पन्न


उदयपुर, 29 सितम्बर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा, उदयपुर के नवीन स्थल – स्वतंत्रता सेनानी श्री भूरेलाल बया रेडक्रॉस भवन (सिटी सेंटर भवन, उदयपुर) – हेतु प्लाट 91-बी, भूपालपुरा, उदयपुर में नींव पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर नमित मेहता एवं प्रेसिडेंट भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा उदयपुर के दिशा-निर्देशन में शाखा के आजीवन सदस्यों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद जैन ने कर कमलों से नींव रखी।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत चेयरमैन डॉ. गजेंद्र भंसाली, भूमि भवन निर्माण कमेटी संयोजक ई.बी.एल. खमेसरा और मानद सचिव सुनील गांग ने पगड़ी, उपराणा और माला पहनाकर किया। विशिष्ट अतिथि स्वतंत्र सेनानी श्री भूरेलाल बया के सुपुत्र राजेंद्र बया और मुंबई से पधारे पौत्र का स्वागत भी इसी तरह किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर एच. बामनिया और सुप्रिटेंडेंट सेटेलाइट चिकित्सालय अंबामाता डॉ. राहुल जैन का भी उपराणा पहनाकर स्वागत किया गया। हिन्दुस्तान जिंक सी.एस.आर. हेड अरुणा चिता का स्वागत आजीवन सदस्य डॉ. करुणा भंडारी ने किया।
शाखा चेयरमैन डॉ. गजेंद्र भंसाली ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि सिटी सेंटर भवन निर्माण से रेड क्रॉस सोसाइटी की सेवाओं की गति बढ़ेगी। उन्होंने भामाशाहों के सहयोग से जल्द ही भवन निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद जैन ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए घोषणा की कि विधायक फंड से इस नोबल सेवा कार्य हेतु अधिक से अधिक राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
विशिष्ट अतिथि ने भावुकता से कहा कि उनके पिता स्वतंत्र सेनानी श्री भूरेलाल बया के प्रति उनका जीवन में विशेष स्थान रहा है। यह भवन उनके स्मरण में बनकर सेवा कार्यों में नया मुकाम हासिल करने में मदद करेगा। भवन निर्माण कमेटी संयोजक ई.बी.एल. खमेसरा ने सभी सदस्यों को भरोसा दिलाया कि चेयरमैन, मानद सचिव, कोषाध्यक्ष, सहसंयोजक गौतम राठौड़ एवं अन्य कमेटी सदस्य भवन निर्माण में किफायत और गुणवत्ता दोनों पर पूरा ध्यान देंगे।
आज के कार्यक्रम में आजीवन सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और भामाशाहों ने उदारतापूर्वक अपने सहयोग राशि की घोषणा की। कार्यक्रम में शाखा उपाध्यक्ष नक्षत्र तलेसरा, संरक्षक डॉ. रणवीर चंद्र मेहता, नवल सिंह खमेसरा, कार्यकारणी सदस्यगण, महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष राज लोढ़ा, ओसवाल बड़े साजन सभा के अध्यक्ष कुलदीप नाहर, फील्ड क्लब से वाइस प्रेसिडेंट भूपेंद्र श्रीमाली, रसिकलाल धारीवाल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अनिल कोठारी, एवं उदयपुर शहर की मदर टेरेसा के नाम से विख्यात प्रेमलता मेहता की उपस्थिति रही। वरिष्ठ सदस्य शांतिलाल नागौरी, ललित पगारिया, पास-पड़ोस के गणमान्य नागरिकों और अधिकांश आजीवन सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में आजीवन सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह और दलपत सिंह जैन का विशेष योगदान रहा। मानद सचिव सुनील गांग और कोषाध्यक्ष राकेश बापना ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में मानद सचिव सुनील गांग ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद प्रेषित किया और कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।









