सेंट्रल पब्लिक स्कूल में ‘एनिमल फ्रेंड फिएस्टा’ का आयोजन


न्यू भूपालपुरा स्थित सेंट्रल पब्लिक सी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पशु-पक्षियों के संरक्षण का संदेश देने हेतु ‘एनिमल फ्रेंड फिएस्टा’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम स्थल को जंगल थीम के अनुरूप सजाया गया, जिसमें वन्यजीवों के चित्र, विभिन्न प्रकार के वृक्ष और अलग-अलग वन्य जीवों की आवाज़ों के माध्यम से मनमोहक वातावरण तैयार किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अलका शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने नभचर, जलचर और थलचर वर्ग के जीवों का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। इन नन्हें-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ एनिमल परेड में भी भाग लिया, जिसमें उन्होंने अपने-अपने समूह के अनुसार शानदार प्रदर्शितियां प्रस्तुत कीं।


चेयरपर्सन श्रीमती अलका शर्मा ने पशु-पक्षियों के संरक्षण का संदेश देते हुए अभिभावकों को बताया कि इस आयोजन को पाठ्यक्रम से जोड़कर इस प्रकार योजना बनाई गई है कि बच्चों को पशु-पक्षियों तथा वन्यजीवों के बारे में रोचक और व्यावहारिक जानकारी मिल सके। कार्यक्रम का समापन कक्षा पहली और दूसरी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें संदेश दिया गया कि जानवरों को बचाना है।
कार्यक्रम में प्रशासकीय निदेशक श्री अनिल शर्मा, संयुक्त निदेशक श्री विक्रमजीत सिंह शेखावत, प्रशासक श्री सुनील बाबेल तथा प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा शक्तावत भी उपस्थित रहे। उन्होंने नन्हें-मुन्नें बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।









