सूचना केंद्र में दो दिवसीय जिला विकास एवं जनजातीय गौरव प्रदर्शनी का टीएडी मंत्री ने किया शुभारंभ

 सूचना केंद्र में दो दिवसीय जिला विकास एवं जनजातीय गौरव प्रदर्शनी का टीएडी मंत्री ने किया शुभारंभ

प्रदेश में जनजातियों के उत्थान हेतु हुए विकास कार्यों तथा जनजाति नायकों के अद्वितीय योगदान के दिग्दर्शन करवा रही प्रदर्शनी

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों एवं जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को सूचना केंद्र में दो दिवसीय जिला विकास एवं जनजातीय गौरव प्रदर्शनी का शुभारंभ जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने संयुक्त रूप से मौली खोलकर किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क उपनिदेशक गौरीकांत शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रदर्शनी की अवधारणा एवं विभिन्न थीम-आधारित सेक्शनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनजातीय योद्धाओं की संक्षिप्त जीवनी वाले सेक्शन तथा अन्य प्रदर्शित सामग्री का अतिथियों को अवलोकन भी कराया।

प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के उत्थान के लिए संचालित विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचा सुदृढ़ीकरण से संबंधित उपलब्धियों को आकर्षक विजुअल पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही राणा पुंजा, गोविंद गुरु, कालीबाई, टांटिया भील सहित देशभर के अन्य आदिवासी नायकों की संक्षिप्त जीवन-झांकी भी प्रस्तुत की गई है।

प्रदर्शनी में आमजन और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में युवा और कॉलेज विद्यार्थी प्रदर्शनी देखने पहुंचे तथा राज्य में हुए परिवर्तनकारी विकास कार्यों और जनजाति नायकों के संघर्ष एवं योगदान से रूबरू हुए। उद्घाटन कार्यक्रम में उपायुक्त टीएडी निरमा विश्नोई, अतिरिक्त निदेशक सांख्यिकी ज्योति मेहता, संयुक्त निदेशक कॉलेज शिक्षा सतीश आचार्य, जनसंपर्क अधिकारी विपुल शर्मा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विनय कुमार सोमपुरा, जयेश पण्डया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सूचना केंद्र वाचनालय का अवलोकन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद

प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सूचना केंद्र परिसर स्थित वाचनालय का अवलोकन किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद किया। उन्होंने वाचनालय में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए उपनिदेशक जनसंपर्क को निर्देश दिए कि यहां से सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल सके।

विद्यार्थियों की हौसलाअफजाई करते हुए उन्होंने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपनों को पूरा करें। राज्य सरकार आपके उत्थान के लिए संवेदनशील है और निरंतर प्रयासरत है।


Related post