कोठारी को इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ़ आर्ट फोटोग्राफर पुरस्कार


सेवानिवृत्त आरएएस अधिकारी, फोटोग्राफर एवं कला मर्मज्ञ दिनेश कोठारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि अपने नाम की है। स्पेन के बार्सिलोना स्थित बैक लाइट ग्रुप द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित फोटो प्रतियोगिता में कोठारी को इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ़ आर्ट फोटोग्राफर का डिजिटल डिप्लोमा पुरस्कार प्रदान किया गया है।
यह सम्मान उन्हें उनकी आकर्षक और संवेदनशील फोटो “नोमेड गर्ल” के लिए मिला है, जिसमें एक खानाबदोश बंजारा लड़की पानी का घड़ा सिर पर रखे मुस्कुराते हुए जाती दिखाई देती है। इस तस्वीर में ग्रामीण जीवन की सरलता, सौंदर्य और जीवंत भावाभिव्यक्ति को उत्कृष्ट रूप से दर्शाया गया है।
कोठारी की इस उपलब्धि ने न केवल उदयपुर का गौरव बढ़ाया है, बल्कि कला और फोटोग्राफी के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और दृष्टि को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से स्थापित किया है।









