संभागीय सहकार मेले और ‘आदि हाट’ का शुभारंभ

 संभागीय सहकार मेले और ‘आदि हाट’ का शुभारंभ

सहकारिता आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला – सहकारिता मंत्री गौतम दक
मेले में सजी 40 स्टॉल्स

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष तथा जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के तहत सहकारिता विभाग के तत्वावधान में तीन दिवसीय संभागीय स्तरीय सहकार मेला एवं ‘आदि हाट’ का शुभारंभ शुक्रवार को गांधी ग्राउंड में किया गया। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, समाजसेवी गजपालसिंह, पुष्कर तेली, पारस सिंघवी, डॉ. पंकज गोराणा, राकेश पोरवाल तथा कपासन के पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गौतम दक ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना में सहकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सब एक के लिए और एक सबके लिए—इसी भावना से सहकारिता देश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने बताया कि यह भारत के लिए गर्व का विषय है कि वैश्विक स्तर पर कॉपरेटिव मूवमेंट में अमूल प्रथम तथा इफको द्वितीय स्थान पर हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि आज चलाए गए सहकार सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेशभर में 9 लाख नए लोगों को सहकारिता से जोड़ा गया तथा 2200 से अधिक नए पैक्स गठित किए गए। मंत्री ने अधिकारियों को सहकारी संस्थाओं को और अधिक सक्रिय करने, उनकी क्षमता बढ़ाने और लाभान्वित करने हेतु जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में सहकार मेलों को जिला स्तर पर आयोजित करने की घोषणा भी की।

समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक फूलसिंह मीणा, समाजसेवी गजपालसिंह और पुष्कर तेली ने भी विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने कहा कि सहकार मेला एवं ‘आदि हाट’ जनजातीय संस्कृति, सहकारिता की मजबूती और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे लोगों को उच्च गुणवत्तायुक्त स्वदेशी वस्तुएं उपलब्ध होंगी तथा उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा। मंत्री एवं अतिथियों ने आमजन से मेले का भ्रमण कर खरीदारी करने का आह्वान किया।

मंत्री ने किया स्टॉल्स का अवलोकन
सहकार मेले में कुल 40 स्टॉल्स लगाई गई हैं, जिनमें सहकारी संस्थाओं के साथ वन धन केंद्रों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं। सहकारिता मंत्री दक सहित सभी अतिथियों ने स्टॉल्स का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी ली।

72वें अखिल भारतीय सहकार सप्ताह की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान 72वें अखिल भारतीय सहकार सप्ताह का भी आगाज़ किया गया। अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक संजय पाठक ने इस वर्ष की थीम “परिचालन दक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने हेतु डिजिटलीकरण को बढ़ावा” पर विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

ई-पैक्स प्रमाणपत्र एवं माइक्रो एटीएम का वितरण
सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने और ग्रामीण स्तर पर डिजिटल लेनदेन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थानों को ई-पैक्स प्रमाणपत्र और माइक्रो एटीएम वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां गुंजन चौबे, अंकेक्षण अधिकारी आशुतोष भट्ट, सीसीबी की एमडी मेहजबीन बानो एवं अन्य अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मेश मोटवानी ने किया।


Related post