न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से की भेंट


सिटी पैलेस संग्रहालय, उदयपुर में आयोजित ‘द मेट – इमेजिंग, एजुकेशन एंड कंज़र्वेशन’ कार्यशाला के तहत न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट के प्रतिनिधिमंडल ने महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फ़ाउंडेशन, उदयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात की। इस अवसर पर शिक्षा, संरक्षण, चित्रकला, फोटोग्राफी और संग्रहालय प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
10 से 14 नवम्बर तक चल रही यह कार्यशाला महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फ़ाउंडेशन और मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य सिटी पैलेस संग्रहालय में प्रदर्शित कलाकृतियों और चित्रों के रख-रखाव, संरक्षण तथा प्रदर्शन से जुड़ी नवीन तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करना है, ताकि भविष्य में संग्रहालय को और अधिक समृद्ध, आधुनिक एवं आगंतुकों के लिए अनुभवपरक बनाया जा सके।
कार्यशाला के दौरान मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट और फ़ाउंडेशन के विशेषज्ञ दल द्वारा इमेजिंग, क्यूरेटोरियल स्टडीज़, म्यूज़ियम एजुकेशन तथा ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य से जुड़े विषयों पर प्रेज़ेंटेशन और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल को सिटी पैलेस संग्रहालय का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें संग्रहालय की विविध गतिविधियों, प्रदर्शनी प्रक्रिया और संरक्षण प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट, न्यूयॉर्क के प्रतिनिधिमंडल में सविता मोनी, एलेनी ज़ारास, जुआन ट्रूजिलो, क्रिस हेन्स और युकी चोक सम्मिलित थे।









