13 नवंबर को उदयपुर में होगा वर्ल्ड कप हॉकी ट्रॉफी का स्वागत


सिटी पैलेस और विद्या भवन स्कूल में होगा अनावरण एवं अवलोकन समारोह
राजस्थान प्रदेश और उदयपुर शहर के हॉकी प्रेमियों के लिए गर्व और उत्साह का क्षण तब होगा जब एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का आगमन 13 नवम्बर को प्रातः 9:00 बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, उदयपुर पर होगा। एयरपोर्ट पर ट्रॉफी का स्वागत हॉकी राजस्थान और हॉकी उदयपुर के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों द्वारा गरिमामय वातावरण में किया जाएगा।
हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण सारस्वत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिपाल सिंह निम्बाड़ा और हॉकी उदयपुर के अध्यक्ष प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत ने कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया।
हॉकी उदयपुर के सचिव एवं वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर के मुख्य संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह झाला ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट स्वागत के पश्चात ट्रॉफी का पहला अनावरण एवं अवलोकन समारोह प्रातः 10:15 बजे सिटी पैलेस परिसर, उदयपुर में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अथवा निवृत्ति कुमारी मेवाड़, ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी अशोक कुमार ध्यानचंद, हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सारस्वत, महासचिव मित्रानंद पूनिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं फर्स्ट इंडिया न्यूज के डायरेक्टर डॉ. महिपाल सिंह निम्बाड़ा, तथा हॉकी उदयपुर के अध्यक्ष प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत की विशेष उपस्थिति रहेगी।
ट्रॉफी का औपचारिक अनावरण और अवलोकन समारोह प्रातः 10:30 बजे सिटी पैलेस परिसर में संपन्न होगा, जहां स्थानीय खेल प्रतिभाओं एवं विद्यार्थियों को हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का दर्शन कराया जाएगा।
विद्या भवन स्कूल में होगा दूसरा स्वागत समारोह
दोपहर 12:00 बजे ट्रॉफी विद्या भवन स्कूल, उदयपुर पहुंचेगी, जहां इसका स्वागत समारोह एवं अवलोकन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विद्या भवन सोसायटी के मुख्य संचालक एवं पूर्व संभागीय आयुक्त उदयपुर श्री राजेन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में तथा ओलंपियन अशोक कुमार ध्यानचंद के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
कार्यक्रम में हॉकी राजस्थान के पदाधिकारियों — अरुण कुमार सारस्वत (अध्यक्ष), मित्रानंद पूनिया (सचिव), डॉ. महिपाल सिंह निम्बाड़ा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत (अध्यक्ष, हॉकी उदयपुर) सहित विद्या भवन सोसायटी के सीईओ शैलेंद्र सिंह, अध्यक्ष पुष्पा शर्मा, सांस्कृतिक सचिव गोपाल बंब तथा उप प्राचार्या रंजना शर्मा की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर हॉकी राजस्थान एवं हॉकी उदयपुर के अधिकारी, विद्या भवन ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सदस्य, शिक्षकगण और युवा हॉकी खिलाड़ी ट्रॉफी का उत्साहपूर्वक स्वागत करेंगे।
कार्यक्रम का संयोजन नाहर सिंह झाला और कुलदीप शर्मा द्वारा किया जाएगा, जबकि समन्वयन डॉ. दिग्विजय सिंह राणावत और ललित प्रजापत करेंगे।
एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का उदयपुर आगमन न केवल शहर के लिए गौरव का अवसर है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को हॉकी खेल के प्रति प्रेरित करने वाला ऐतिहासिक क्षण भी बनेगा।









