सुविवि में विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत

 सुविवि में विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने तकनीकी नवाचार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए विशेष मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया। कुलपति प्रोफेसर बी.पी. सारस्वत ने इस ऐप का शुभारंभ किया। इस उपलब्धि के साथ सुखाड़िया विश्वविद्यालय देश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है जिसने विद्यार्थियों और कर्मचारियों दोनों के लिए एकीकृत मोबाइल एप विकसित किया है।

कुलपति प्रोफेसर सारस्वत ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थी अपने मोबाइल पर ही प्रवेश और परीक्षा फॉर्म भरने, अंकतालिका डाउनलोड करने, टाइम टेबल, एडमिट कार्ड, परीक्षा शेड्यूल, परिणाम और मार्कशीट जैसी सभी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, उन्हें नोटिफिकेशन, घोषणाएं, शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति ट्रैक करने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। ऐप फीस विवरण और भुगतान इतिहास की जानकारी भी उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने बताया कि जल्द ही इस ऐप में ऑनलाइन माइग्रेशन, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, डुप्लिकेट मार्कशीट, ट्रांसक्रिप्ट और अन्य परीक्षा-संबंधी सेवाएं जोड़ी जाएंगी। छात्र जल्द ही इस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

कर्मचारियों के लिए विकसित प्रोफाइल ऐप में व्यक्तिगत विवरण, सेवा रिकॉर्ड, योग्यता, ऋण, बीमा, महत्वपूर्ण दस्तावेज, सैलरी स्लिप, टैक्स डिडक्शन शेड्यूल, अवकाश आवेदन, लीव इनकैशमेंट और पीएफ स्टेटमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह दोनों ही ऐप एंड्रॉयड और iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगे।

इस अवसर पर साइंस कॉलेज के डीन प्रो. सी.पी. जैन, कॉमर्स कॉलेज के डीन प्रो. शूरवीर सिंह भानावत, डीन पीजी स्टडीज़ प्रो. के.बी. जोशी, कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो. एम.के. जैन, परीक्षा नियंत्रक मुकेश बारबर, विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य, डॉ. अविनाश पंवार, परीक्षा विभाग के मांगीलाल भील, बद्रीलाल और प्रियंका पालीवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related post