आबकारी विभाग का विशेष अभियानप्रदेश में वॉश एवं भट्टियां नष्ट, गुजरात सीमा पर अवैध मदिरा जब्त – एक गिरफ्तार


आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्यवाही की गई, जिसके दौरान विभिन्न अभियोग दर्ज किए गए। सिरोही जिले में गुजरात सीमा पर एक वाहन में अवैध रूप से अन्य राज्य की शराब परिवहन करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर अवैध मदिरा जब्त की गई। वहीं, श्रीगंगानगर जिले में अवैध वॉश एवं भट्टियां नष्ट की गईं। अन्य जिलों में भी नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई जारी है।
आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में चल रहे इस विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध परिवहन और विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


सिरोही जिले में आबकारी वृत्त रेवदर से सटी गुजरात सीमा पर एक टोयोटा इटियॉस कार से अन्य राज्य की शराब का अवैध परिवहन करते हुए उसे जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 51 पेटी बडवाइज़र बीयर के 1224 केन (सेल फॉर पंजाब ओनली), 71 बोतल ऑल सीजन व्हिस्की (सेल फॉर चंडीगढ़ ओनली) और 10 पेटी रेबल की 120 बोतलें बरामद की गईं। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक राकेश खत्री, आशीष शर्मा और पीओ रेवदर देवाराम मय जाब्ता शामिल रहे।
श्रीगंगानगर जिले के हिंदूमलकोट क्षेत्र में गंगनहर के आसपास के इलाकों में दबिश के दौरान 4500 लीटर वॉश और 5 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। इसी प्रकार प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की कार्रवाई निरंतर जारी है।









