पेसिफिक मेडिकल विश्वविद्यालय का सांस्कृतिक फेस्टिवल ‘स्पंदन 2025’ 11 नवम्बर से

 पेसिफिक मेडिकल विश्वविद्यालय का सांस्कृतिक फेस्टिवल ‘स्पंदन 2025’ 11 नवम्बर से

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पेसिफिक मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से सांस्कृतिक फेस्टिवल ‘स्पंदन 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर फेस्टिवल के पोस्टर का विमोचन विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ. उम्मेद सिंह परिहार, पेसिफिक कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर के डीन डॉ. एम.एम. मंगल, डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गौरव भारद्वाज, नर्सिंग कॉलेज के डीन डॉ. के.सी. यादव, फिजियोथेरेपी कॉलेज के डॉ. जफर खान, ऑक्यूपेशनल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विशाल शर्मा, असिस्टेंट डीन स्टूडेंट वेलफेयर नीरज चपलोत और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ईशा श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।

पीएमयू के चेयरपर्सन राहुल अग्रवाल ने बताया कि ‘स्पंदन 2025’ न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने का अवसर है, बल्कि यह उनकी रचनात्मकता, कला और टीमवर्क को भी बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच है। इस फेस्टिवल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध बनेंगे।

विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ. उम्मेद सिंह परिहार ने कहा कि पेसिफिक मेडिकल विश्वविद्यालय सदैव अपने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और समग्र विकास के प्रति समर्पित रहा है। यह फेस्टिवल उसी दिशा में एक और कदम है, जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन को प्रोत्साहित करेगा।

असिस्टेंट डीन स्टूडेंट वेलफेयर नीरज चपलोत ने बताया कि ‘स्पंदन 2025’ के अंतर्गत 11 नवम्बर से 15 नवम्बर तक विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें रंगोली, एकल नृत्य, कविता पाठ, एकल गान, अंताक्षरी, पोस्टर मेकिंग, मेहंदी प्रतियोगिता, हास्य प्रतियोगिता, पेंटिंग, टास्क गेम, फैशन शो, ग्रुप डांस और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। उत्सव का समापन 15 नवम्बर को रंगारंग कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ईशा श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों में इस फेस्टिवल को लेकर उत्साह और जोश चरम पर है। ‘स्पंदन 2025’ विद्यार्थियों को न केवल सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि उनकी रचनात्मकता और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करेगा।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर प्रो. प्रेसिडेंट डॉ. संगीता चौहान, डॉ. आर.के. पालीवाल, डॉ. मोनाली, डॉ. राहिला, डॉ. संजय नागदा, डॉ. नेहा मनन, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Related post