67वाँ आकाशवाणी संगीत सम्मेलन 2 नवम्बर से प्रारंभ


प्रसार भारती और संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 24 शहरों में होगा आयोजन
प्रसार भारती और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 67वाँ आकाशवाणी संगीत सम्मेलन 2 से 29 नवम्बर के बीच देशभर के 24 शहरों में आयोजित किया जा रहा है। इस अखिल भारतीय संगीत अनुष्ठान में हिंदुस्तानी, कर्नाटक, सुगम संगीत और लोक संगीत की प्रतिष्ठित संगीत प्रतिभाएँ अपनी प्रस्तुति देंगी।
उल्लेखनीय है कि आकाशवाणी संगीत सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी। यह सम्मेलन जहाँ एक ओर देश की स्थापित संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, वहीं अनेक उभरते कलाकारों ने भी इसी मंच से प्रसिद्धि प्राप्त की है। संगीत और संस्कृति का यह अद्भुत संगम श्रोताओं को आनंद से भर देता है, और इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम की प्रतीक्षा हर वर्ष संगीत प्रेमियों को रहती है।
कोविड-19 महामारी के संक्षिप्त अवरोध को छोड़ दें तो यह संगीत यात्रा 1954 से निरंतर जारी है। आकाशवाणी संगीत सम्मेलन सदैव आमंत्रित श्रोताओं की उपस्थिति में आयोजित किया जाता रहा है।
क्षेत्र के उप महानिदेशक, आकाशवाणी श्री राजेन्द्र नाहर ने बताया कि इसी श्रृंखला के अंतर्गत आगामी 8 नवम्बर (शनिवार) को शाम 7:00 बजे से राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर के नूतन सभागार में आकाशवाणी संगीत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर ‘बंदिश बैंडिट्स’ वेब सीरीज़ के ‘गरज गरज’ फेम मोहम्मद अमान शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे, जबकि डॉ. विजेंद्र गौतम गीत और ग़ज़ल की प्रस्तुति देंगे।
श्री नाहर ने यह भी बताया कि इस संगीत सम्मेलन हेतु आमंत्रण पत्र किसी भी कार्य दिवस में आकाशवाणी उदयपुर, मोहता पार्क स्थित कार्यालय से अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस संपूर्ण श्रृंखला की रिकॉर्डिंग आकाशवाणी और दूरदर्शन के साथ-साथ प्रसार भारती के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स (’एमएमए’ एवं अन्य) पर 26 दिसम्बर 2025 से 23 जनवरी 2026 के बीच प्रत्येक रात्रि 10:00 से 11:00 बजे तक प्रसारित की जाएगी।









