हरितराज सिंह मेवाड़ ने फ्लैग ऑफ कर फेरारी कारों के दल को किया रवाना


उदयपुर, 11 अक्टूबर।
सिटी पैलेस उदयपुर के ऐतिहासिक माणक चौक में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के सुपुत्र हरितराज सिंह मेवाड़, सुपुत्री मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ और प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ ने फेरारी कारों के दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इस अवसर पर श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़ सहित आमंत्रित मेहमानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


फेरारी का यह विशेष आयोजन उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक वैभव और शांत वातावरण को ध्यान में रखते हुए सिटी पैलेस परिसर में आयोजित किया गया। मेहमानों ने कहा कि वे उदयपुर के समृद्ध राजवंश और इसके गौरवशाली इतिहास से अत्यंत प्रभावित हैं, जिस पर मेवाड़ राजपरिवार के सदस्यों ने हार्दिक आभार व्यक्त किया।
फेरारी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 21 लक्जरी कारें शामिल हुईं, जिन्हें देखने के लिए सिटी पैलेस भ्रमण पर आए पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने फेरारी कारों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए इस अनोखे आयोजन का आनंद लिया।
यह फेरारी रैली उदयपुर शहर के कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय नागरिकों और कार प्रेमियों ने इन शानदार गाड़ियों का स्वागत किया। राजस्थान भ्रमण के बाद यह रैली देश के अन्य प्रमुख शहरों और नगरों का भी दौरा करेगी, जिससे भारतीय सड़कों पर फेरारी की भव्य उपस्थिति का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा।









