क्रिकेट के मैदान पर चमकी उदयपुर की बेटियां, जीता स्वर्ण पदक

 क्रिकेट के मैदान पर चमकी उदयपुर की बेटियां, जीता स्वर्ण पदक

उदयपुर, 7 अक्टूबर। बालोतरा (बाड़मेर) में संपन्न हुई 69वीं राज्य स्तरीय 19 वर्ष आयु वर्ग विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में उदयपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीकानेर को 8 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

टीम की प्रशिक्षक कोमल सोनी ने बताया कि बीकानेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन उदयपुर की सधी हुई गेंदबाजी के आगे निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 128 रन ही बना सकी। उदयपुर की ओर से यशोदा गमेती ने बेहतरीन और किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में केवल 5 रन देकर 2 विकेट झटके। डाली गमेती, अनिता डांगी और प्रियांशी चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किया, जबकि शेष बल्लेबाज रन आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए उदयपुर टीम ने प्रियांशी चौधरी की नाबाद 52 रनों की शानदार पारी, भव्या सिसोदिया के 22 और प्रियांशी जैन के 20 रनों के योगदान से दो ओवर शेष रहते 8 विकेट से जीत दर्ज की।

उदयपुर की इस शानदार जीत पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) लोकेश भारती, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल, वरिष्ठ प्रशिक्षक महेंद्र पाल सिंह, नीरज बत्रा, कैलाश मीणा, भरत सिंह, महंत भारत भूषण जोशी, गणपत सिंह झाला, ताहिर खान, निमत मेनारिया, लक्ष्मी मीणा और लीला लक्षकार सहित अनेक शिक्षा कर्मियों ने खुशी व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी।

Related post