71वां वन्यजीव सप्ताह : बच्चों ने देखा पक्षियों का संसार


उदयपुर, 3 अक्टूबर। 71वें वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को गुलाबबाग स्थित बर्डपार्क में शैक्षणिक भ्रमण के साथ-साथ चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


उपवन संरक्षक (वन्यजीव) यादवेंद्रसिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बर्डपार्क में संरक्षित विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की जानकारी दी गई। बच्चों ने पक्षियों के व्यवहार, उनके स्वरूप और प्राकृतिक महत्व को नजदीक से समझा।
प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। चित्रकला और रंगोली स्पर्धाओं में बच्चों ने वन्यजीवों और प्रकृति से जुड़ी विविध थीम पर सुंदर चित्र एवं आकृतियां प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
शनिवार को बाघदर्रा में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता तथा ईको ट्रेल का आयोजन भी किया जाएगा।









