प्रधानमंत्री ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर दी उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन को एक और सौगात


उदयपुर, 25 सितम्बर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बांसवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से उदयपुर-चंडीगढ़ रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह रेल सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी और इसकी नियमित शुरुआत 27 सितम्बर से होगी। इस नई रेल सुविधा से मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को उत्तर भारत के विभिन्न शहरों तक सुगमता से आवागमन करने का अवसर मिलेगा।
उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उदयपुर शहर के विधायक श्री ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक श्री फूलसिंह मीणा, गोगुंदा विधायक श्री प्रताप भील, समाजसेवी श्री रविंद्र श्रीमाली सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उदयपुर-चंडीगढ़ रेल सेवा से उदयपुर में पर्यटन और आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी। इसके साथ ही व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। चंडीगढ़ से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी और आमजन भी उपस्थित रहे।









