उदयपुर में 17-18 अक्टूबर को महिला कायाकिंग-कैनोइंग का रोमांचक आयोजन

 उदयपुर में 17-18 अक्टूबर को महिला कायाकिंग-कैनोइंग का रोमांचक आयोजन

महिला कायाकिंग-कैनोइंग खिलाड़ियों को सशक्त बनाने हेतु ‘खेलो इंडिया अस्मिता कायाकिंग एवं कैनोइंग लीग 2025-26’ का आयोजन उदयपुर में

उदयपुर। राजस्थान की महिला कायाकिंग-कैनोइंग खिलाड़ियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से खेलो इंडिया अस्मिता कायाकिंग एवं कैनोइंग लीग 2025-26 प्रतियोगिता का आयोजन उदयपुर स्थित फतेहसागर के रिजनल कायाकिंग एवं कैनोइंग प्रशिक्षण केंद्र पर 17 और 18 अक्टूबर को किया जाएगा।

राजस्थान कायाकिंग-कैनोइंग कोच निश्चय सिंह चौहान ने बताया कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय और भारतीय कायाकिंग-कैनोइंग संघ द्वारा प्रारंभ की गई खेलो इंडिया कायाकिंग-कैनोइंग अस्मिता लीग का मुख्य उद्देश्य जल क्रीड़ा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है, ताकि जमीनी स्तर की महिला प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिल सके।

यह लीग खेलो इंडिया पहल का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, ऐतिहासिक असंतुलन को दूर करना, नए अवसर उत्पन्न करना और महिलाओं को सशक्त बनाना है। इसके माध्यम से उदयपुर और राजस्थान को एक वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने तथा महिलाओं की केंद्रीय भूमिका सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

खेलो इंडिया अस्मिता कायाकिंग-कैनोइंग लीग का प्रमुख उद्देश्य कायाकिंग खेल के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। इस लीग से कायाकिंग-कैनोइंग में नई प्रतिभाओं की पहचान होगी। यह प्रतियोगिता पूरे भारत में युवा बालिकाओं की प्रतिभा को पहचानने और विकसित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और पारंपरिक सोच को चुनौती देने में सहायक सिद्ध हो रही है। यह पहल महिलाओं को खेल के माध्यम से अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान कर रही है।

भारतीय ड्रैगन बोट चेयरपर्सन दिलीप सिंह चौहान और राजस्थान कैनोई स्प्रिंट के चेयरमैन पियूष कच्छावाहा ने बताया कि राजस्थान में भी महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ द्वारा उदयपुर स्थित कायाकिंग एवं कैनोइंग प्रशिक्षण केंद्र पर 17 व 18 अक्टूबर 2025 को महिलाओं के लिए कायाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में कायक-1, कायक-2, कायक-4, तथा कैनो-1, कैनो-2, कैनो-4 वर्गों में 200 मीटर, 500 मीटर और 1000 मीटर की रेसें आयोजित की जाएंगी। यहां से विजेता महिला खिलाड़ियों का चयन जोनल तथा तत्पश्चात नेशनल प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।

कोच निश्चय सिंह चौहान ने बताया कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय की इस पहल के अनुरूप भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ ने अपने अधीनस्थ सभी राज्यों से अपील की है कि वे भी महिलाओं को कायाकिंग और कैनोइंग खेलों में आगे लाने के लिए अस्मिता लीग के अंतर्गत प्रतियोगिताओं का आयोजन करें और प्रतिभागी महिलाओं का उत्साहवर्धन करने हेतु पारितोषिक वितरण करें।

उन्होंने कहा कि अस्मिता लीग में भाग लेने की इच्छुक सभी महिला खिलाड़ियों के लिए आधिकारिक वेब पोर्टल https://nsrs.kheloindia.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। यदि किसी भी महिला खिलाड़ी को ऑनलाइन पंजीकरण या इस खेल से संबंधित कोई जानकारी या समस्या है, तो वह अंतरराष्ट्रीय महिला कायाकिंग-कैनोइंग खिलाड़ी तनिष्क पटवा से मोबाइल नंबर 96643 40896 या 98280 34506 पर संपर्क कर सकती है।


Related post