लोकतांत्रिक सहभागिता की ओर बड़ा कदम: मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण में तेज हुई मैपिंग प्रक्रिया

 लोकतांत्रिक सहभागिता की ओर बड़ा कदम: मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण में तेज हुई मैपिंग प्रक्रिया

जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने फील्ड वेरिफिकेशन किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेन्द्र सिंह राठौड़ ने उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हिरण मगरी सेक्टर-5, गायत्री सेवा संस्थान के पास, सेक्टर-6 और पानेरियों की मादड़ी क्षेत्रों में मतदाताओं से संवाद किया।

उन्होंने संबंधित बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण की जानकारी ली और मैपिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। राठौड़ ने सेक्टर-5 में बीएलओ नरेश तेली, सेक्टर-6 में मयंक दाधीच और पानेरियों की मादड़ी में सुरभि भटनागर के गणना प्रपत्र रजिस्टर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने मतदाताओं से बातचीत करते हुए बताया कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि इस सत्यापन प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे और अपात्र नाम सूची में न रहे। उन्होंने मतदाता अंजलि थड़ानी, मयंक दाधीच और किशोर सालवी से संवाद कर एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी और बीएलओ के कार्यों पर फीडबैक प्राप्त किया।

राठौड़ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में 19 लाख 62 हजार 340 मतदाताओं की मैपिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 4 दिसंबर तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से दो प्रतियों में गणना प्रपत्र भरवाएंगे, जिनमें से एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता के पास रहेगी। गणना प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में अपलोड किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर के बाद प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जिसमें केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल होंगे जिन्होंने गणना प्रपत्र भरकर दिया है।

राठौड़ ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि जब बीएलओ आपके घर पहुंचे, तो गणना प्रपत्र अवश्य भरें। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार के दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। पिछले एसआईआर की मतदाता सूची से मैपिंग हेतु आवश्यक सूचनाएं बीएलओ को प्रदान करें। गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियां भरकर एक प्रति रसीद के रूप में अपने पास रखें और 4 दिसंबर से पहले बीएलओ को जमा करवा दें, ताकि आपका नाम आसानी से मतदाता सूची में दर्ज हो सके।

उन्होंने यह भी बताया कि इस अवधि के बाद भी नाम दर्ज कराया जा सकता है, जिसके लिए अतिरिक्त फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरना होगा।

Related post