महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित


महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में वंदे मातरम्@150 एवं स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम के तहत माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) प्रताप सिंह के निर्देशन में स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री अशोक कुमार, वित्त नियंत्रक सुश्री दर्शना गुप्ता तथा प्रशासनिक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और उनके प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भारत माता की सेवा और सम्मान के लिए दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करने, आयातित वस्तुओं के स्थान पर देशी विकल्प अपनाने, घर, कार्यस्थल और समाज में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया।
साथ ही गाँव, किसान एवं कारीगरों का समर्थन कर स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने, युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करने, पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी एवं प्रकृति-अनुकूल उत्पादों के उपयोग का भी प्रण लिया गया।
माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) प्रताप सिंह ने कहा कि स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना और लोगों को उनके महत्व के प्रति जागरूक करना है, ताकि देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो सके और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो।









