14 फरवरी को उदयपुर में रहेगा केंद्रीय व राज्य मंत्रियों का दौरा


आगामी दिनों में उदयपुर में कई केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय गणमान्य अतिथियों का प्रवास प्रस्तावित है। 14 और 15 फरवरी को केंद्रीय मंत्री, दिल्ली सरकार के मंत्री तथा राज्य मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उदयपुर पहुंचेंगे।
केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल 14 फरवरी को दोपहर 12.40 बजे विशेष विमान से महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पहुंचेंगे और अपराह्न 1 बजे विजयवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी 14 फरवरी को शाम 4.30 बजे उदयपुर पहुंचेंगी। वे यहां निजी कार्यक्रम में भाग लेंगी और अगले दिन अपराह्न बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
दिल्ली सरकार के गृह, विद्युत, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद 14 फरवरी को शाम 4.30 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे होटल ताज लेक पैलेस जाएंगे और 15 फरवरी को अपराह्न 3.55 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राज्य की सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग की राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार 14 फरवरी को सुबह 7.55 बजे उदयपुर पहुंचेंगी। वे स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगी और रात्रि विश्राम उदयपुर में करेंगी। उनका 15 फरवरी को शाम 6.55 बजे जयपुर प्रस्थान प्रस्तावित है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत 14 फरवरी को सुबह 8.25 बजे उदयपुर आएंगे और सड़क मार्ग से कुंभलगढ़ जाएंगे। वे कुंभलगढ़ और चित्तौड़गढ़ किला क्षेत्रों में पुरातात्विक महत्व एवं संरक्षित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर बाद वे पुनः उदयपुर लौटेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे।
इसके अलावा दिल्ली सरकार में समाज कल्याण, एससी, एसटी, सहकारिता एवं चुनाव मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह 14 फरवरी को शाम 4.30 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। वे स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे और 15 फरवरी को दोपहर 1.05 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इन प्रवासों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।









