झाड़ोल उपकारागृह का औचक निरीक्षण, बंदियों ने लगाई मारपीट की शिकायत


उदयपुर जिले के झाड़ोल स्थित उपकारागृह का मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के सचिव एवं एडीजे कुलदीप शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ बंदियों ने जेलर और प्रहरियों द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की।
तीन बंदियों ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी, जिसमें एक बंदी की पीठ पर चोट के निशान भी पाए गए। इस पर एडीजे कुलदीप शर्मा ने झाड़ोल थानाधिकारी को तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज करने और बंदियों का मेडिकल कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल में कुछ अन्य व्यवस्थागत कमियां भी सामने आईं। बैरकों में लगे कुछ पंखे खराब पाए गए, पानी की कमी की शिकायत मिली और पढ़ने के लिए अखबार व किताबें उपलब्ध नहीं पाई गईं।
झाड़ोल उपकारागृह की क्षमता 100 बंदियों की है, जबकि निरीक्षण के समय यहां 136 बंदी निरुद्ध पाए गए। मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।









