आबकारी विभाग का विशेष अभियान

 आबकारी विभाग का विशेष अभियान

प्रदेश में अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई

आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्यवाहियां करते हुए अभियोग दर्ज किए गए।

आबकारी आयुक्त श्री नकाते के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर सख्त कार्रवाई जारी है।

इसी क्रम में झालावाड़ जिले के ग्राम जरैल, किशनपुरिया, तीतरवास, बिरियाखेड़ी और चांदियाखेड़ी में आबकारी निरोधक दल द्वारा दबिश देकर 800 लीटर वॉश नष्ट की गई तथा 37 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। मौके पर 4 अभियोग दर्ज किए गए।

नागौर जिले के मेड़ता सिटी क्षेत्र में की गई दबिश में 700 लीटर वॉश एवं 4 भट्टियां नष्ट करते हुए 15 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। वहीं, हनुमानगढ़ जिले में भारतमाला रोड स्थित नगराना टोल प्लाजा, संगरिया पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी ली गई।

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर आबकारी थाना क्षेत्र में गश्त व दबिश के दौरान 1700 लीटर उत्तेजित वॉश एवं 7 भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 13 लीटर हथकड़ शराब बरामद कर 2 अभियोग दर्ज किए गए।

इसी प्रकार, प्रदेश के अन्य जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की कार्यवाहियां निरंतर जारी हैं।

Related post