स्काउट एंड गाइड का संभाग स्तरीय दल राष्ट्र कथा शिविर में भाग लेकर लौटा

 स्काउट एंड गाइड का संभाग स्तरीय दल राष्ट्र कथा शिविर में भाग लेकर लौटा

स्काउट एंड गाइड का 89 सदस्यीय संभाग स्तरीय दल 27 दिसंबर से 4 जनवरी तक गुजरात के राजकोट जिले के प्रांसला कस्बे में वैदिक मिशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित 10 दिवसीय (आवासीय) 26वें राष्ट्र कथा शिविर में भाग लेकर उदयपुर लौटा।

शिक्षा विभाग और संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा उदयपुर के आदेश पर संभाग के सभी जिलों के विभिन्न सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत, स्काउट, एनसीसी और एनएसएस में प्रशिक्षित बालक-बालिकाओं को चयनित कर शिविर में भेजा गया।

नोडल और संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा उदयपुर चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि उदयपुर जिले से हिंदुस्तान स्काउट के 31 छात्र और 30 छात्राएं, तीन स्काउट प्रभारी और तीन गाइड प्रभारी, कुल 67 सदस्य, चित्तौड़गढ़ जिले से 10 सदस्यीय दल और राजसमंद जिले से 12 सदस्यीय दल सहित कुल 89 सदस्यीय दल शिविर में शामिल हुए।

संभाग दल प्रभारी, शारीरिक शिक्षक गोपाल लाल मेहता मेनारिया ने बताया कि शिविर में देश की तीनों सेनाओं और पैरामिलिट्री फोर्स की प्रदर्शनियाँ, ड्रिल, इसरो जैसी स्पेस एजेंसी की गतिविधियां, युद्ध में काम आने वाले भारत निर्मित हथियार व सुरक्षा उपकरण बनाने वाली डीआरडीओ जैसी एजेंसियों के माध्यम से देश के वर्तमान व भविष्य के खतरों से निपटने की शिक्षा दी जाती है।

शिविर में 29 दिसंबर को हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के उदयपुर संभाग और सिरोही जिले के स्काउट्स व गाइड्स ने दिन के भोजन के दौरान भोजन व्यवस्था संभाली और सेवा कार्य किया।

शिविर में देशभर से आए स्काउट्स, एनसीसी और एनएसएस के बच्चों के साथ राजस्थान सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी शिक्षकों और शिक्षिकाओं को भारतीय सेना के रिटायर्ड जनरल जीडी बक्सी और अन्य अतिथियों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

शिविर के दौरान भारतीय नौसेना के 26वें नेवी चीफ एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, इसरो के चेयरमैन डॉ वी नारायणन, सुप्रीम कोर्ट के जज दिनेश माहेश्वरी, डॉ विक्रम सारा भाई (सेटेलाइट सेंटर के साइंटिस्ट डॉ राज राजेन्द्रन), केंद्रीय राजस्व विभाग के अधिकारी और शक्तिमान धारावाहिक के अभिनेता व महाभारत सीरियल में भीष्म का रोल करने वाले मुकेश खन्ना ने मार्गदर्शन किया।

Related post