वन वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 में दुनिया के बच्चों ने मिटाया जाति धर्म भेदभाव, सब एक सुर में बोले-“हम सब एक हैं”

 वन वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 में दुनिया के बच्चों ने मिटाया जाति धर्म भेदभाव, सब एक सुर में बोले-“हम सब एक हैं”

जाति, धर्म एवं ऊँच-नीच जैसे सभी भेदभाव को समाप्त कर भारत सहित विभिन्न देशों से आए बच्चों में नेतृत्व, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से सनराइज ग्रुप ऑफ कॉलेज एवं हर आर्ट ग्लोबल वेलनेस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वन वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और हुनर का ऐसा प्रभावशाली प्रदर्शन किया कि दर्शक अचंभित रह गए।

कला, कल्याण और वैश्विक एकता की भावना को निरंतर आगे बढ़ा रही सनराइज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एवं हर ग्लोबल वेलनेस फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित आयोजन उदयपुर को संस्कृति, शिक्षा और समावेशिता का एक सशक्त वैश्विक मंच बनाता नजर आया।

इस कार्यक्रम में नेपाल, श्रीलंका, मॉरीशस तथा भारत के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 5 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक चले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने एक मंच पर एकत्र होकर वसुधैव कुटुम्बकम् — पूरा विश्व एक परिवार है — की भावना को जीवंत किया।

कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब स्पेशल ओलंपिक एशिया पैसिफिक बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 (मलेशिया) की स्वर्ण पदक विजेता चानवी शर्मा, आयरलैंड से आईं सुश्री एलिज़ाबेथ वैगस्टाफ (सेवानिवृत्त वरिष्ठ भाषण एवं भाषा चिकित्सक) तथा राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षाविद् डॉ. धीरज मेहरोत्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चानवी शर्मा की प्रेरणादायक उपस्थिति ने समावेशिता, समान अवसर और आत्मबल के संदेश को और अधिक सशक्त बनाया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहां वे सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वैश्विक सह-अस्तित्व, शांति और सामाजिक एकता के मूल्यों को आत्मसात कर सकें। कार्यक्रम में जाति, धर्म, क्षेत्र, लिंग, आर्थिक स्थिति या शारीरिक क्षमता के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं था। दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।

समावेशिता, समानता और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कलेडोस्कोप (पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता) आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने जलीय जीवन संरक्षण विषय पर अपनी रचनात्मकता दिखाई। मॉडल यूनाइटेड नेशन्स के माध्यम से महिला प्रजनन अधिकार, मानवाधिकार और मीडिया स्वतंत्रता जैसे वैश्विक मुद्दों पर गंभीर विमर्श हुआ। वहीं इको-वॉयसेज़ ऑफ चेंज (नुक्कड़ नाटक) में समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी व उद्यमी हरीश रजानी तथा फाउंडेशन की संस्थापक ललिता स्वामी द्वारा चानवी शर्मा को वन वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 के मंच पर आज की युवा पीढ़ी की प्रेरणा स्रोत के रूप में सम्मानित किया गया।

सनराइज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट और हर ग्लोबल वेलनेस फाउंडेशन ने इस संयुक्त आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि जब कला, शिक्षा और खेल एक साथ आते हैं, तो समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन संभव होता है। दोनों संस्थान लंबे समय से समावेशी विकास, सामाजिक कल्याण और वैश्विक सोच को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

वन वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 का मूल संदेश यही रहा कि हम सब एक हैं। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवीय करुणा, सद्भाव और सामूहिक प्रगति का उत्सव था। उदयपुर से पूरी दुनिया को यह संदेश गया कि वसुधैव कुटुम्बकम् केवल एक विचार नहीं, बल्कि मिलकर किए गए प्रयासों से साकार होने वाला वैश्विक सत्य है।

Related post