उदयपुर के निश्चय सिंह चौहान खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स 2025 में राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी नियुक्त

 उदयपुर के निश्चय सिंह चौहान खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स 2025 में राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी नियुक्त

उदयपुर के प्रतिष्ठित कायाकिंग-कैनोइंग प्रशिक्षक निश्चय सिंह चौहान को खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स 2025 में राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी (National Technical Official) के रूप में नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त 2025 तक जम्मू-कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील में आयोजित की जाएगी।

इस आयोजन के अंतर्गत कायाकिंग, कैनोइंग और रोइंग जैसे जल खेलों की प्रतिस्पर्धाएं होंगी, जिसमें देशभर के 35 राज्यों की टीमें भाग लेंगी। भारतीय ड्रैगन बोट चैयरमैन दिलीप सिंह चौहान ने इस बात की जानकारी दी।

राष्ट्रीय स्तर पर यह एक प्रतिष्ठित जिम्मेदारी है और निश्चय सिंह की नियुक्ति न केवल उदयपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि निश्चय इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभा चुके हैं।

राजस्थान कायाकिंग एंड कैनोइंग संघ के चेयरमैन चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने बताया कि निश्चय सिंह चौहान पिछले 12 वर्षों से फतेहसागर स्थित जल क्रीड़ा केंद्र पर प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे खुद भी एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं। वे दो बार ड्रैगन बोट वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

उनके मार्गदर्शन में अब तक करीब 12 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि उनके प्रशिक्षुओं के नाम 100 से अधिक राष्ट्रीय पदक दर्ज हैं।

निश्चय सिंह 20 अगस्त को उदयपुर से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होंगे।

उनकी इस नियुक्ति पर राजस्थान कैनो स्प्रिंट चेयरमैन पियूष कच्छवाहा, संघ अध्यक्ष आर. के. धाभाई, उपाध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव, ड्रैगन बोट चेयरमैन अजय अग्रवाल, सालालोम चेयरमैन नवल सिंह चुंडावत, कैनो पोलो चेयरमैन वीरम देव सिंह कृष्णावत, तकनीकी सलाहकार दीपक गुप्ता व त्रिलोक वैष्णव सहित कई पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Related post