1000 से ज़्यादा हनुमान दंड लगा कर मोहित मेनारिया ने रचा कीर्तिमान


उदयपुर जिले के चीरवा गांव निवासी युवा मोहित मेनारिया ने पारंपरिक व्यायाम हनुमान दंड में असाधारण प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मोहित ने मात्र एक घंटे में 1196 हनुमान दंड पूरे कर अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक धैर्य और श्वास नियंत्रण का प्रभावशाली परिचय दिया है।


जानकारी के अनुसार, मोहित मेनारिया पेशे से रबर इंजीनियर हैं। वे किसी संस्थान से प्रशिक्षित योग शिक्षक नहीं हैं, बल्कि बचपन से योग और आयुर्वेद के प्रति रुचि रखते हुए टीवी और यूट्यूब के माध्यम से योग एवं पारंपरिक व्यायाम की तकनीकें सीखते आए हैं। मोहित का मानना है कि पारंपरिक भारतीय व्यायाम पद्धतियां शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने में सहायक होती हैं।
मोहित ने बताया कि उन्हें जिम आधारित आधुनिक व्यायाम की तुलना में पारंपरिक व्यायाम अधिक पसंद हैं, इसी कारण उन्होंने हनुमान दंड जैसे कठिन अभ्यास को चुना। उनकी इस उपलब्धि से न केवल क्षेत्र में, बल्कि पारंपरिक व्यायाम को लेकर युवाओं में नई प्रेरणा देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने मोहित की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभा की बड़ी सफलता बताया है।









