खाद्य सुरक्षा एवं उचित मूल्य दुकान आवंटन समिति की बैठक आयोजित


खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में जिला रसद अधिकारी प्रथम सृष्टि डबास एवं द्वितीय मनीष भटनागर की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा समिति तथा तहसील स्तरीय उचित मूल्य दुकान आवंटन सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला रसद अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत समावेशन एवं निष्कासन श्रेणी, गिव-अप अभियान, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी, एलपीजी आईडी सीडिंग, तथा पात्रता अनुसार नये नामों के समावेशन से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही उचित मूल्य दुकान की विज्ञप्ति जारी करने, विभागीय गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संपादित करने एवं दुकान आवंटन प्रक्रिया में वरीयता के मानदंडों पर चर्चा की गई।


बैठक में समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से उचित मूल्य दुकानों का पर्यवेक्षण करें तथा निगरानी में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही सक्षम परिवारों को, जो वर्तमान में खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत खाद्यान्न प्राप्त कर रहे हैं, राज्य सरकार द्वारा संचालित “गिव-अप अभियान” में भाग लेकर अपना नाम सूची से हटवाने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
समिति के सदस्यों ने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम एवं संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएं, ताकि किसी भी पात्र उपभोक्ता को समस्या होने पर उनसे सीधे संपर्क किया जा सके।









